Saturday, August 6, 2016

डर

डर कितना स्वाभाविक होता है ना!
इसी डर के कारण हम चैन से जी नहीं पाते...
जलने, कटने, छिलने से बचते - बचते हम
मौत तक का सफर तय करते हैं
और फिर पूरी तरह जल जाने तक
हमारी आत्मा  वहीं
प्रतीक्षा करती रहती है
उसके बाद वह शुरू करती है
अपने नए सफर की तैयारी।

फिर से नए डर,  नए घर, नए तन की
एक नई शुरुआत होती है!
जीवन चलता रहता है!
- सीमा
(इतने सारे डर के साथ एक अकेले हम)

नदी और सूरज

भोर की बेला में नदी के तन पर
सूरज जब अपने सात
रंग बिखेरता है
नदी थोडी देर के लिए
अपनी सादगी भूल कर इठलाने लगती है।

भोर की प्रथम बेला में नदी
कितने ही परिधान बदलती है।

दुपहर में सूरज की  गर्मी को
समेटती नदी
देती है अपनी सहन शक्ति का इम्तिहान
और सूरज गर्व से मुस्कुराता है।

सांझ की बेला में सूरज फिर अपने
रंगों का जादू बिखेरता है और नदी
उसकी तपिश को भूल
उसके रंगो में रंगी चली जाती है
सूरज भी मंत्र मुग्ध सा उतरता
चला जाता है उसके ही भीतर कहीं!

नदी स्नेह से उसे अपने आँचल में समेट लेती है!
- सीमा

उम्मीद

वह रात की स्याही से
दिन   का गुणगान करती
और दिन की रोशनी चुराकर
रात को चमकाती।

वह हर शब्द से उम्मीद निकालती,
इंतजार में अपनी मेंहदी के रंग और चटक करती
और खुश्बू से अपने स्वप्न महाकाती।

वह अधखिली कलियों को चूमती
और खिलने पर
उन्हें दूर से निहारती।

एक दिन वह अपनी उम्मीद
उदास लडकियों में बाँट आई।
उसने उनकी हाथों में
अपने हाथों से मेंहदी लगाई।

अब खुश्बू फिजाओं में बिखरेगी
और प्रेम के कत्थई रंग चर्चे में होंगे।
वह दूर खड़ी खुशियों का आनंद ले रही है।
— सीमा

आईना

एक टूटे हुए आईने में
मुझे  सच्ची तस्वीर दिखी!

आईना जब टूटता है तो
हम उसे दूर फेंक आते हैं
पर हम अपनी टूटन
अपने किरचों के साथ ही
जीते रहते हैं!
ना जाने अपने भीतर
कितने किरचों को छुपाकर
रखते हैं हम!
— सीमा

शांति

मैं जब भी पढ़ना चाहती हूँ
अपने मन के गहनतम भाव
कोई ना कोई चिडिया आकर टोक देती है ,
भंग कर देती है मेरी शांति
चिडिया चाहती है कि मैं
उसकी तरह चूँ-चपड करती रहूँ
कि शांति की तलाश में
बहुत बार लोग
भटक जाते हैं।
— सीमा

Wednesday, May 25, 2016

सपनों का राजकुमार
************************
प्रेम की डगर पर
उसका हाथ थामने
आया था उसके
सपनों का राजकुमार
बिल्कुल सपनों वाला 
वह भी उसके घोड़े पर
खुशी -खुशी चढ़ कर
चली आई उसके महल
पर कर्तव्यों से बंधा राजकुमार
उसे वहीं छोड़ कर
करता रहा अपने कर्तव्यों का निर्वाह
उसके पास वक्त की कमी थी
जिम्मेदारियाँ ज्यादा थीं।
वो अपने शासक पिता का
आज्ञाकारी राजकुमार था,
अपनी रानी माँ का अनुशासित बेटा था,
अपनी प्रजा का दुलारा राजकुमार था
पर वो यह भूल गई थी कि
वो कौन है
उसने जिसका हाथ थामा वो कौन था,
वह यह भूल गई थी कि उसकी
पसंद क्या थी!!
उसके सपनों की मंजिल कहाँ थी!!
वो सब कुछ भूल कर अब कुछ भी नहीं थी।
एक साया सी वो
इधर-उधर भटकती और
उसका प्राण
राजकुमार की मुटठी में था।
उस राजकुमार ने
बहुत नाम कमाया
उसने बहुत प्रशंसा कमाई
जिम्मेदारियों के बोझ तले दबा
वह प्रेम के डगर की
कहानी को भूल चुका था
राजकुमार ने अपना
सुनहरा वक्त भी
सबमें बाँट दिया
और साथ ही बाँट दी
उस प्रेम पिपासी की
सारी खुशियाँ
हर कोई उसकी
महानता की गाथा गाता
और राजकुमार
खुश हो जाता।
{इस दास्तान का मूल संदेश है
कि एक राजा के सफलता के पीछे
उसकी रानी के प्रेम की कुरबानी होती हैं।}
~ सीमा

घरेलू औरत


सुनो दुनिया वालों ,
हमें यूँ ही 
रहने दो,
डरी,सहमी
गृहणि बनकर।
हमें घर से
बाहर मत निकालो!!
हम अपनी गोल घड़ी की तरह
घर की दीवारों से
जकड़ी रहना पसंद करती हैं।
हमें अपरिचित चेहरों के बीच
कुछ अजीब सा लगता है ।
हमें भीड़ में अक्सर खो जाने का
डर लगता है
कि घर में रहती औरतें
बहुत सुरक्षित होती हैं।
हाँ ,उन्हें सुरक्षित रखा जाता है
ताकि घर सुरक्षित रह सके।
उन्हें घर में भी सुरक्षित
रहने के लिए ढेर सारी
हिदायतें दी जाती हैं।
उन्हें दो दिनों की यात्रा पर
कहीं जाना हो तो
घर वाले उदास हो जाते हैं।
वे खुद भी
अपने बच्चों,पति,
पेड़-पौधों,पेटस के
बगैर नहीं रह पातीं।
उन्हें अपना तकिया,
अपना बाथरूम बेहद पसंद होत है।
सच कहूँ तो एक औरत को
घरेलू बना दिया जाता है
पर इसे बांध कर रखना नहीं कहते ।
इसे बंधन का आदी होना कहते हैं!!
~ सीमा