Showing posts with label कविता. Show all posts
Showing posts with label कविता. Show all posts

Saturday, August 6, 2016

नदी और सूरज

भोर की बेला में नदी के तन पर
सूरज जब अपने सात
रंग बिखेरता है
नदी थोडी देर के लिए
अपनी सादगी भूल कर इठलाने लगती है।

भोर की प्रथम बेला में नदी
कितने ही परिधान बदलती है।

दुपहर में सूरज की  गर्मी को
समेटती नदी
देती है अपनी सहन शक्ति का इम्तिहान
और सूरज गर्व से मुस्कुराता है।

सांझ की बेला में सूरज फिर अपने
रंगों का जादू बिखेरता है और नदी
उसकी तपिश को भूल
उसके रंगो में रंगी चली जाती है
सूरज भी मंत्र मुग्ध सा उतरता
चला जाता है उसके ही भीतर कहीं!

नदी स्नेह से उसे अपने आँचल में समेट लेती है!
- सीमा

आईना

एक टूटे हुए आईने में
मुझे  सच्ची तस्वीर दिखी!

आईना जब टूटता है तो
हम उसे दूर फेंक आते हैं
पर हम अपनी टूटन
अपने किरचों के साथ ही
जीते रहते हैं!
ना जाने अपने भीतर
कितने किरचों को छुपाकर
रखते हैं हम!
— सीमा