Tuesday, March 29, 2016

खत


कुछ खत
इत्मीनान से पढ़े जाते हैं
कि बड़े करीने से
रंग और खुशबू
रक्खा होता है इनमें!
इनकी पाकीज़गी को
महसूसने के लिए
हम खोजते हैं एकांत
कि शोर-गुल में
कुछ शब्द भी
शर्माते हैं!!

  - सीमा
 परिवर्तन 
#########
परिवर्तन आया है
मेरे अंदर
बहुत सुंदर परिवर्तन ।
कल तक मै
हवाओं का
बाट जोहती रही
जो मुझे छू कर
भर दे ढेर सारी उर्जा।
आज मैं
हवाओं में
मिला देना
चाहती हूँ
ढेर सारा प्रेम,
ढेर सारा आनंद
कि वो फैलाती रहे
प्यार और खुशबू ,
भरती रहे सब में
प्राण वायु ।
चलो हम सब
एक साथ बढ़े
सकारात्मकता की ओर ।
- सीमा

रंग

   
कितने रंग लगे
छूटे,
कितने लोग मिले
झूठे।
रंगे थे मैंने जो
सतरंगी सपने
तेरी बेरूखी से
वो टूटे।
खुशियों की खिड़कियाँ
छोड़ रखी थी खुली 
दु:ख आकर ,चोरी करे
लूटे!!
- सीमा
 साँझ की धूप 
############

  साँझ की धूप सी
ठहर गई हूँ मैं 
आओ सुस्ता लो
तुम भी दो पल 
हमदम
कि जिंदगी की रात
अभी बाकी है
चलो अंधेरे से
लड़ने का दम
भर लें हम ।
- सीमा

वजूद

         वजूद 
***************************
सड़क पर धीमी गति से चल रही
अपनी गाड़ी की खिड़की से
मैं देख रही हूँ
स्त्री के विविध रूप को
कुछ अपनी परिभाषाओं में बंधी,
कुछ परिभाषाओं को लांघती...और
कुछ परिभाषाओं के द्वन्द्व में उलझी
हर स्त्री से मैं
खुद को मिलाती हूँ।
मैं अभी भी अपना
वजूद ढूंढ रही हूँ।
- सीमा

हकीकत

कुछ पुराने पन्ने
############
कुछ निकलना चाह
रह था मेरे भीतर से
शायद वो फूल सा
कोमल होता,
शायद वो एक 
सुंदर तस्वीर होती
पर मुझपर
बंदिशें लगती रही
मैं भी दबाव में
करती रही
सब कुछ
उन्हीं के जैसा....
और दबा रह गया मेरा
मुझमें ही कहीं।
एक दिन खुद को
टटोलने बैठी तो
ढेर सारे सूखे फूल,
रंगों की टूटी हुई बोतलें
और कुछ भरभराई सी
आवाज़े निकलीं ।
मैंने मन की सतह को
साफ कर दिया
अब वहाँ बस
एक सूनापन है
अब वहाँ कुँवारे सपने नहीं !!
अब वहाँ हकीकत की 

बंजर जमीन है!!!
- सीमा

Sunday, March 27, 2016

शब्द


किसी ने मुझे कहा.....
कि तुम शब्दों से
आहत हो तो
शब्दों से जुड़ो।
कि शब्दों में जादू है 
शब्दों में प्रेम है,
शब्दों में अपनापन है,
शब्दों में स्नेह है।
मैं अपनी
तबीयत के हिसाब से
करती रही शब्दों के चयन।
ये शब्द घाव हैं
और मरहम भी हैं।
- सीमा