कौन रहता है
मेरे साथ हमेशा....
...... तेरी बातें....
हाँ, वही बातें
जो थोड़ी सी खट्टी हैं
और थोड़ी सी मीठी!
- सीमा
Friday, March 17, 2017
खट्टी - मीठी बातें
Friday, March 10, 2017
बिगड़ना - संवरना
हम खुद से
कितनी उम्मीदें पाल
बैठते हैं,
कुछ देख सुन के,
कुछ अपने शौक के,
कुछ अपने स्तर के,
कुछ अपनी सहुलियत के।
रोज भगाते हैं
अपने आसपास से
मक्खियों की तरह भिनभिनाती
नकारात्मकता।
रोज छांटते हैं
निराशा के बादल।
खुश होने के बहाने
ढूंढते रहते हैं
इधर-उधर से।
इतिहास,भूगोल,गणित
सबसे लड़ते -भिड़ते
निकालते हैं
अपने लिए
सुकून भरा चाँद
और सो जाते हैं
एक राहत भरी
सुबह की खातिर।
हम रोज उलझे हुए
बालों की कंघी करते हुए
देना चाहते हैं
उन्हें एक नया विन्यास।
हम रोज बिगड़ते हैं,
हम रोज संवरते हैं।
- सीमा
Saturday, March 4, 2017
पन्ना-पन्ना
चलो पन्ना - पन्ना दिल की किताब का हम पढ़ते हैं,
फिर थोड़ा और उघड़ते हैं, थोड़ा बिखरते हैं!
- सीमा
Wednesday, March 1, 2017
क्रोध
निराशा को जगह
मत दो,
क्रोध उत्पन्न करो।
उन एक-एक
सिसकियों को
याद करो
जो देती रही घुटन,
उस एक-एक
तिनके में
आग लगाओ
जो भेदते रहे तुम्हें।
निराशा को जगह
मत दो,
क्रोध उत्पन्न करो।
- सीमा
अनसुनी
तुम हर बार
अनसुनी करते रहे
अपनी छटपटाहट को,
तुम हर बार
पनाह देते रहे दर्द को
बहुत कचरा
जमा हो गया ना!
अब एक ही
रास्ता है
या तो खुद को
दफन कर दो
या बिखरा दो
दर्द का हर हिस्सा
कि
जहाँ से आया था
ये वहीं चला जाए वापस !
- सीमा
प्रेम
प्रेम का पौधा
***********
प्रेम का पौधा
बड़ी तेजी से
सूख रहा है,
कुछ फूल आखिरी
सांस ले रहे हैं।
समय पर टकटकी लगाए
खड़े हैं यम।
कुम्हलाए हुए
फूलों का रंग और भी
सूर्ख लग रहा है।
ओह! दुनिया का सबसे
प्यारा शब्द लुप्त हो रहा है।
लोभ,छल,मद बेफिक्री से
घूम रहे हैं।
सौंदर्य और धन के
चारों ओर इकट्ठा लोग
ठठा रहे है और
प्रेम प्यासे लोग
जिंदा लाश से बस
जी रहे हैं।
प्रेम तुम्हारी मृत पड़ी देह को
मैं यूँ मिटने ना दूंगी ।
मैं तुम्हारी आत्मा को रोज
बुलाऊँगी।
अब आत्मा से आत्मा का
एकाकार होगा।
प्रेम ,तुम फिर जन्म लेना
प्रेम बनकर।
- सीमा