Monday, January 9, 2017

सौगात

वो लिख सकता था
बहुत कुछ
पर उसने अपने
कलम को सिकोड़कर
रख दिया था
अपने बहुत सारे शब्दों को
खुद ही भूल गया था वो
इसलिए कुछ दिनों से
मैं उसके गुम हुए शब्दों को
सौगात बना कर उसे
लौटा रही थी!

आज बहुत 
दिनों के बाद मैंने
उसे अपनी कलम को
चूमकर 
हसते हुए देखा!!

~ सीमा

सपने


सपने भी
अजीब होते हैं,
पास सोए बच्चे को
  गुम कर देते हैं
और हम उन्हें ढूंढते -ढूंढते
बेचैन होते रहते हैं।
ये सपने बड़ी आसानी से
मुझे फिर से छोटा  बना देते हैं
कल रात मैं फिर से अपने
गुड़ियों के कपड़े सिल रही थी
और खिलौनों वाली कपों में
ढ़ाल रही थी चाय।

कभी -कभी सपनों के शहर में
अचानक उग आते हैं
ढ़ेर सारे रिश्ते -नाते,
ढ़ेर सारे भाई,ढ़ेर सारी बहनें
उस वक्त नींद में ही मैं जी लेती हूँ
अपनी मनचाही जिंदगी
~ सीमा

दर्द


-----------------------
दोनों के पास कुछ दर्द है
और मैं चाह रही हूँ कि
दोनों का दर्द
एक दूसरे के लिए
दवा बन जाए ,
दोनों की कुछ
चाहतें हैं
और मेरी ये
कोशिश है कि
एक---- ख्वाब
हकीकत बन जाए!

~सीमा

40+

चालीस साला औरतो के  अंदर   ही
जीती रहती है बीस साला लड़कियाँ
पहले से ज्यादा सुन्दर ,तेज और बहादुर
हो जाती हैं वो ,
क्यूंकि उनके साथ
खड़ी रहती है
चालीस साला औरतें !!

- सीमा

Saturday, December 3, 2016

बचपन

मुझे पता है कि
तुम अब पहले की तरह नहीं
खिलखिला सकते.
मुझे पता है कि तुम
नहीं मल सकते
अपने चेहरे पर वह
पहले सा भोलापन!
तुम तो इतना बदल चुके हो कि
आईना भी परेशान है!

पर  मैं आज भी तुम्हारे
बचपन की तस्वीर देख कर
फिर से एक छोटी बच्ची बन जाती हूँ!
सुनो,
मैंने अपनी यादों में
छुपा रखी है तुम्हारी मासूमियत!

कभी बचपन याद आए तो
मेरे पास चले आना!
बडा सहेज कर रखा है उसे  मैने!
- सीमा

Monday, November 28, 2016

मन का अल्पविराम

मन का अल्प  विराम
^^^^^^^^^^^^^^^^
कई बार ऐसा होता था

एक ठहराव सा आता था

पर फिर खुद ही बहने लगती थी

मन की धारा ,

हाँ, हर बार कोई ताकत

देती थी मेरा साथ

और खुशियो का सिरा

आ जाता था मेरे हाथ

मन फिर से हँसने लगता

और रम जाती  मैं

अपनी दीन दुनिया मेँ

जलने लगते थे दीप पूजा के ,

हटने लगते थे

धूल और जाले और

सज जाते थे बच्चों की

शरारतो से उजड़े सोफे और कुशन!

पहले तो मन नहीं था बैठा रहता

मुरझाया चेहरा देख के इस तरह!

ढूँढता था वो गुलाब जल ,चन्दन,

पढता था नए - नए ब्यूटी टिप्स।

अपनी ही बातों को काटता

फिर अपनी ही बातो को मानता

बढ़ता रहता था मन।

अपने बच्चो को डाँटकर
फिर उन्हें मनाता  मन

अब चुपचाप देखा करता
है उन्हें  ,
रोकता-टोकता नहीं!!

क्या ये भी मन का अल्प विराम है ?

हाँ, ये मन का अल्प विराम ही  तो है

ऐसा होता रहता है,

मन रूकता - बढ़ता रहता है ।
देखो ना .......

बच्चे अब बड़े हो चुके  हैं,
कि यूँ ही

रूकते - भागते बढती जाती है जिंदगी

यूँ ही रूठते-मनाते गुजर जाती है जिंदगी

इन अल्प विरामो से कभी  मत घबराना

कि जिंदगी का नाम है चलते जाना ।

- सीमा श्रीवास्तव

Thursday, November 10, 2016

गुड़िया


जब छोटी थी
तब रहती थी मस्त
अपने आप में।
अपनी गुडियों के मेकअप से ही
फुर्सत नहीं थी मुझे।
घंटो गुडियों को सजाती ,
निहारती , दुलारती ।

धीरे-धीरे किताबो के शब्द बढने लगे,
गणित के प्रॉब्लम्स में हम उलझने लगे।
गुडिया छूटी और अपना चेहरा सामने आया।
भगवान् की बनाई अपनी मूरत में
फेर-बदल की कोई संभावना ना थी
पर लोगों की रोज - रोज की टीका-टिप्पणी ने
इतना तो  समझा दिया कि
समाज में रहने के लिए
खुद को भी गुडिया बनाना कितना जरुरी है।

इन ब्यूटी पार्लरस की भीड़ यूँ ही नहीं है ना!
नहीं चलते आजकल बिना सँवारे हुए आईब्रोज,
नहीं चलते आजकल ग्लोरहित चेहरे।

फैशन की लचीली कमर की तरह हमें भी
लचकना पड़ता है
पुरानी तस्वीरो को फाड़कर
अपने लिए एक नया चेहरा ढूंढना पडता है और
बचपन में सजाई सवारी गई गुडिया की तरह
हमें भी गुडिया बनना पड़ता है!!
- सीमा