Sunday, August 28, 2016

रंग और खुश्बू

            रंग और खुश्बू
**************************

वो फूल उसे खींच कर ले जाता है बरसों पीछे,
वह रंग उसे छोड़ आता है  उसी आंगन में

जहॉ पहली बार इन्द्रधनुष के सात रंगों सी
 सतरंगी हो गई थी जिंदगी।

यूँ तो कितने ही फूल मुस्कुराते हैं आसपास
पर यादों में बसे फूल मुस्कुराते रहते हैं
मन के झरोखों से।

और कुछ रंग दबे रहते हैं
इन्द्रधनुष बनके।
- सीमा 

ओ शाम

ओ शाम!
आओ बैठते हैं
तुम्हारे कांधे पर सर रख के
कि दिन की सारी बातें
तुमको सुनानी है
और तुम्हारे आंचल में बंधे
सारे रंगो को समेटना है।
तुम्हारी छवि को निरखना है
तुम्हारी ही गोद में बैठकर।

ओ शाम!
तुम्हारी आहट का पता ही नहीं चलता
और तुम्हारे जाने के बाद
अंधकार मृत्यु सम लगती है।

तुम आने के पहले जिंदगी की सांकल को
हौले से खटखटा देना और
जाने के पहले भींच के गले लगा लेना।
- सीमा

मिट्टी

मिट्टी
******
कुम्हार के चाक पर
चढ़ी मिट्टी
चौकस रहती  है
अपने हर दबाव पर
कि नाचते - नाचते
ना जाने वह कौन सा रुप ले ले!
फिर वही रुप उसकी
जिंदगी बन जाती है!
- सीमा

Tuesday, August 16, 2016

निवेदन

मुझे पता था कि
जितने ख्वाब देखे जाते हैं

उतने सच नहीं हो सकते
फिर भी मैंने जारी रखा उन्हें देखना,
मुझे पता था  बारिश रोज बहाने बना रही है
फिर भी मैंने जारी रखा उन्हें फुसलाना  ,
मुझे पता था कि बच्चे परीक्षा के कुछ दिन
बचे रहने पर जी-जान लगा कर पढ़ेगे
पर मैंने जारी रखा उन्हें चेतावनी देना,
मुझे पता था कि ईश्वर अपनी
हिसाब -किताब की पुस्तिका हरदम
साफ-सुथरा रखते हैं फिर भी
मैंने जारी रखा निवेदन करना !!
~ सीमा

भ्रम

वो जादू था, भ्रम था,
टूटना था, टूट गया।
मैंने कल यूँ ही
मुहब्बत के
दो, चार शब्द
हवा में उछाले थे।

तुम उसे सच मत
समझ लेना
कि बारिशों के
शहर में
पतंगे कब उड़ती हैं भला
बस कागज की
कश्तियों को देखा है यहाँ
इठलाते हुए!
- सीमा

सुलह


वो लड़ने के
सौ बहाने ढूंढते हैं,
मैं अपनी चुप्पियों से
सुलह कर लेती हूँ!!
~ सीमा

Saturday, August 13, 2016

औरत का संसार


औरत ऊबती हैं सीधी- सपाट जिंदगी से
और गमलों में लगाती हैं कुछ पौधे।

औरत ऊबती है अपनी सूनी हथेलियों से
और रचा लेती है मेंहदी।
औरत ऊबती है अपनी चोटी से और
देती है कुछ नए अंदाज अपने बालों को।

औरतें रंगोलियों से करती हैं अपने मन के रंग रौशन।
और खुद को बहलाने के लिए
रचती है कविताओं में एक नया संसार।

औरत अपनी ऊब से बचने के लिए ढेर सारी
            सुंदरता बिखेर  लेती हैं।