Thursday, February 11, 2016

चाकलेट डे

चाकलेट डे

जिन्हें हम
भूल नहीं पाते
वो अपने होने का
एहसास बखूबी 
देते रहते हैं
कल चाकलेट डे
ही देखो ना
बीते साल की
वो मधुर एहसास को
घोल गया ।
और साथ ही
छोड़ गया
तुम्हारे पास ना
होने की कड़वाहट ।
- सीमा
(रचनाएँ बहुत कुछ कहती है, कभी अपनी ,कभी आसपास की,,,,,,जरूरी नहीं कि हर अफ़साना अपना हो)

वो दिन

वो दिन कितने
अच्छे होते होगे ना
जब,दो चाहने वाले
चुपके से जान लेते होंगे
एक-दूसरे के मन की बातें ।
तब बिना बोले ही
सब हथेली पर
मिल जाता होगा ।
बस वही दिन
सुहाने होते हैं
ताजे तोड़े गुलाब की तरह
एक खिलता रंग और
मदमस्त करती खुशबू
सा होता है प्रेम ।
दूर होकर भी
बहुत पास होने का एहसास ,
एक दूसरे खातिर
मर - मिटने की चाहत।
फिर एक दिन
अचानक क्या हो जाता है ?
क्या शब्दों के आदान-प्रदान से
प्यार कम हो जाता है ?
क्या प्रेम आँखों -आँखों में ही
ज्यादा महफूज रहता है ?
- सीमा

रिश्ता

दोस्ती का रिश्ता
****************
ओह! कहाँ गए वो 
हंसने,हँसाने के दिन,
कहानियाँ बनाने,
पहेलियाँ बुझाने के दिन,
कॅाल्स पे कॅाल्स,
मैसेजस पे मैसेजस
एक दूसरे के सपनों में
आने-जाने के दिन ।
थोड़ी उम्मीदें बढ़ गईं ज्यादा,
थोड़े भ्रम हो गए पैदा
थोड़ी उलझनें बढ़ी
और रिश्ते से प्यार
उडनछू हो गया ।
- सीमा

खुशी

नहीं जानती
किस जन्म के दु:ख से
मैं आहत हूँ इस जन्म में!
कि जब -जब 
छोटी -छोटी खुशियों को
बटोरना चाहा
किसी ना किसी
बड़े दु:ख का
भयावह चेहरा दिखा !
जब-जब
हल्की -फुल्की
बातों के लिए
किसी से मिली
सबने भारी-भरकम
जामे पहना दिए मुझे!
मैं तलाशती थी
छोटी -छोटी
खुशियाँ ,
पर लोग चाहते थे
बड़ी -बड़ी वजहें
और
मैं हर बार उदास सी
लौट आती थी
अपने गरीब खाने में!!
-सीमा

गोष्ठी


एक गोष्ठी
में बरती जाती है
थोड़ी शालीनता,
थोड़ा धैर्य,
लोगों को सुनने खातिर,
लोगों से कहने खातिर ।
यही लोग
यहाँ से निकलकर
अपने घर पहुंचते हैं
हाँ ,यहाँ इत्मीनान से
बैठ कर
की जा सकती हैं
कई तरह की बातें।
(तब तक लोग मन में दबा के रखते हैं बहुत कुछ)
- सीमा
गुलाब बन के रहो
****************

चलो,तुम्हारी सारी
प्यारी बातों को
समेट के रख
लेती हूँ और
सारी कड़वी बातों 
को छुपा देती हूँ कहीं
कि आओ
तुम यादों में
गुलाब बन के रहो ।
- सीमा

Saturday, February 6, 2016

उदासी


उदासी हर किसी के
पास होती है
अपने -अपने ढंग
से ओढी उदासी,
अपने -अपने 
तानों -बाने से
बुनी उदासी।

कभी लाचारगी,
कहीं बेचारगी ,
अपने -अपने जिम्मेदारियों
के तले दबी उदासी।

कभी पूछ के देखना 
किसी से कि कैसे हो? 
कुछ अचकचा जाएगें,
कुछ हस के छिपा लेंगे,
कुछ नजरें झुका लेंगे
और कुछ हमसे ही
पूछ बैठेगें कि आप कैसे हो? 
हाँ ,हसी,खुशी,
सुख ,दुख के बीच ही तो
होती है ये उदासी!!
तो तुम उदास मत होना
कि कहीं भी ज्यादा देर
नहीं रूकती है
ये उदासी!!
- सीमा