Saturday, February 6, 2016

बंद लिफाफा

ठीक उस बंद
लिफाफे
की तरह
होते हैं
कुछ रिश्ते 

जिसके भीतर
कुछ नहीं होता
और अनजाने में ही
हमने

उन्हें बेहद सभाल के
रक्खा होता है!!
- सीमा 
नहीं जानती 
**************

नहीं जानती
किस जन्म के दु:ख से
मैं आहत हूँ इस जन्म में!
कि जब -जब 
छोटी -छोटी खुशियों को
बटोरना चाहा
किसी ना किसी
बड़े दु:ख का
भयावह चेहरा दिखा !
जब-जब
हल्की -फुल्की
बातों के लिए
किसी से मिली
सबने भारी-भरकम
जामे पहना दिए मुझे!
मैं तलाशती थी
छोटी -छोटी
खुशियाँ ,
पर लोग चाहते थे
बड़ी -बड़ी वजहें
और
मैं हर बार उदास सी
लौट आती थी
अपने गरीब खाने में!!
-सीमा

रोज

मैं रोज
खुद के 
गुणों को
बेहतर करने की
कोशिश करती हूँ।

दुनिया रोज फटे में
टाँग अड़ाती है ।
इस दुनिया ने
सदियों से बरकरार
रक्खा है अपने गुणों को ।
- सीमा

उसका दर्द

उसका दर्द
मेरे भीतर उतरता गया
अक्षर -अक्षर
घुटते रहे
शब्द सिसक- सिसक के
सो गए !!
- सीमा

होना ना होना

उसका ना होना
होने सा था
और उसका
होना
ना होने सा !

कभी -कभी
ना होना
ज्यादा मायने
रखता है
हो जाने से ।

संभावनाओं की
एक पूरी जमीन होती है तब
और ख्यालों का समूचा आसमान

और तब तक हो जाना
ना होने को
चुनौतियाँ देता है!
-सीमा 

शून्य


मैं शून्य की
ओर बढती जा
रही हूँ !
इस संख्या से 
भरी जिंदगी के भार को
बार-बार कंधों से उतारती
मैं थोड़ा सांस लेती हूँ
और थोड़ी देर शून्य हो
जाती हूँ !
उस शून्य में
हर बार मैं
पा लेती हूँ
जीवन का सार
कि बस
मुझे अब और
कुछ नहीं चाहिए!!
- सीमा

गोष्ठी


एक गोष्ठी
में बरती जाती है
थोड़ी शालीनता,
थोड़ा धैर्य,
लोगों को सुनने खातिर,
लोगों से कहने खातिर ।
यही लोग
यहाँ से निकलकर
अपने घर पहुंचते हैं
हाँ ,यहाँ इत्मीनान से
बैठ कर
की जा सकती हैं
कई तरह की बातें।
(तब तक लोग मन में दबा के रखते हैं बहुत कुछ)
- सीमा