Friday, November 28, 2014

आजादी

  ये कैसी  आजादी 
)))))))))(((((((((((((

नारी,तुम.....

हो चुकी हो विभाजित 

अलग अलग वर्गों में | 

कही दंभ ,कही जोश ,

कही करुणा ,कही रोष  

पुरानी परिभाषाएँ बदलती ,

नई परिभाषाएँ गढती ,

निकल आई हो बहुत आगे  
  

 दिख जाती हो 

 कभी किसी चौराहे पर 

सिगरेट के कश लगाती 


कभी आधे अधूरे कपड़ों में 

नृत्य करती और  मुस्कुराती । । 


पर ये कैसी आजादी ?

ये कैसी परिभाषा ?

कि, अपनी गरिमा को 

आजादी के इस झंडे से 

मत करो चोटिल । 

निकलो घर से पर 

अपनी पहचान लेकर,

अपने नए रूप से 

मत करो शर्मशार 

नारी जाति को ,

मत करो शर्मशार 

नारी जाति को !!


-  सीमा श्रीवास्तव 




Wednesday, November 26, 2014

भोर की आहट



देखो है बैचैन सूरज

कहने को कुछ भोर से

कलियॉ कसमसा रही हैं

पंक्षियो के शोर से

उडने को बेताब पंक्षी

भी हैं सुगबुगा रहे

पेड पौधे हिल डुल के

गीत गा रहे नए...

- सीमा श्रीवास्तव..


मन



एक ही दिन में

तेरे तीन रूप देख लिए..

 ऐ मन!  तूने कितनी तस्वीर

छुपा रखी हैं...??

हर पल तेरी ख्वाहिशें होती हैं जुदा

तूने मुटठी में मेरी तकदीर

छुपा रखी है....!!

सीमा श्रीवास्तव..



Monday, November 24, 2014

चूल्हा

       चुल्हा
ंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंं

मैं हूं एक चूल्हा ....

माचिस की एक तिल्ली जलती है

फिर दूसरी,फिर तीसरी

 जलाने के लिये  आग,

आग लगती है,धुऑ उठता है

और सब कुछ धुंधला हो जाता है।

मैं जलना चाहती  हूँ पर 

गीले कोयले से उठता है धुऑ

और लोग उसे छोड दूर बैठ जाते हैंं....

सीमा श्रीवास्तव

(4 साल पुरानी  है ये रचना..) 

Saturday, November 22, 2014

कवि सम्मेलन

      कवि सम्मलेन 
^^^^^^^^^^^^^^^ 

काश हर शाम होता कवि सम्मलेन ,

रोज कविताओं में एक ललक होती । 

इतराती ,गुनगुनाती ,मचलती ,बल खाती 

यूँ  ही नहीं उदास  ये बैठी रहती !!

हर शाम छिटकते कई रंग एक साथ ,

कुछ लोग हँसते और बोलते एक साथ ,

एक सोच ,एक समझ ,एक महक होती 

हर रोज कविताओं  में एक ललक होती । 

चाय के प्यालो में एक सा स्वाद होता 

पीने वालों की पसंद ना अलग अलग होती 

काश हर शाम होता कवि सम्मलेन ,

रोज कविताओं में एक ललक होती ॥ 

सीमा श्रीवास्तव 

Friday, November 21, 2014

चाँद

       चाँद  
***********
१ 

ओ पूर्णमासी के चाँद ,

जब भी तुम्हे याद कर के 

मैं बेलती हूँ रोटियाँ ,

रोटियाँ तुझ सी ही बनती हैं 

बिलकुल गोल मटोल । 


- सीमा श्रीवास्तव 

२ 

चाँद से भला क्या 

शिकायत करूंगी मैं 

मेरी भी सूरत तो 

हर दिन बदल जाती है !!

-  सीमा श्रीवास्तव …… 

३ 


चाँद को कुछ इतना 

सराहा मैंने कि

 तीसरे दिन ही वह 

टेढ़ा नजर आने लगा । 

- सीमा श्रीवास्तव 

मन का अल्प विराम

 मन का अल्प  विराम
^^^^^^^^^^^^^^^^
कई बार ऐसा होता था

एक ठहराव सी आती थी

पर फिर खुद ही बहने लगती थी

मन की धारा ,

हाँ हर बार कोई ताकत

देती थी मेरा साथ

और खुशियो का सिरा

आ जाता था मेरे हाथ

मन फिर से हँसने लगता

और रम जाती  मैं

अपनी दीन दुनिया मेँ

जलने लगते थे दीप पूजा के ,

 ,हटने लगते थे

धूल और जाले ,और 

सज जाते थे बच्चों की

शरारतो से उजड़े सोफे और कुशन

पहले तो मन नहीं था बैठा रहता

मुरझाया चेहरा देख के इस तरह

ढूँढता था वो गुलाब जल ,चन्दन,

पढता था नए नए ब्यूटी टिप्स।


अपनी ही बातों को काटता

फिर अपनी ही बातो को मानता

बढ़ता रहता था मन।

अपने बच्चो को डाँटकर
फिर उन्हें मनाता  मन

अब चुपचाप देखा करता
है उन्हें  ,कुछ कहता नहीं!!

क्या ये भी मन का अल्प विराम है ???



हाँ ये मन का अल्प विराम ही  था

ऐसा होता रहता है,

मन रूकता ,बढ़ता रहता है ।
देखो ना .......

बच्चे अब बड़े हो चुके  हैं, कि यूँ ही

रूकते ,भागते बड़ी हो जाती है जिंदगी

यूँ ही चलती, निकल जाती है जिंदगी

इन अल्प विरामो से कभी  मत घबराना

कि जिंदगी का नाम है चलते जाना ।

- सीमा श्रीवास्तव

(मेरी एक पुरानी अधूरी रचना जो आज पूरी हो गई )