Monday, November 10, 2014

अँगीठी

        अँगीठी 
))))))))))#(((((((((((

घर की अँगीठी  जलती है तो 

पकता है  उसपर भोजन ,

तीज ,त्योहारो के पकवान 

पर हर रोज अंदर ही अंदर 

सुलगती है जो अँगीठी 

उससे जलता रहता है 

हमारा अपना ही खून !


कितनी बार ये जलती है 

कितनी बार हम इसे बुझाते हैं ,

हम गिन भी नहीं पाते 

हर दिन कुछ तीलियाँ 

रगड़ खा के भड़क जाती हैं 

और सुलग जाती है

 हमारे अंदर की अँगीठी 


इन अँगीठियो को भड़काने में 

कुछ लोग कोई कोर कसर नहीं छोड़ते कि 

वो वाकिफ होते हैं हमारे कमजोर पहलू से 


रोज चाहती हूँ कि सिर्फ 

घर की अँगीठी जलती रहे 

और तृप्त होती रहे 

हर सदस्य की जिहवा ,मन और उदर 

पर अंदर की अंगीठियाँ  भी जलने से 

कहाँ बाज आती हैं और 

प्रभावित कर ही जाती हैं 

घर की अँगीठियो को कहीं न कहीं! 


- सीमा श्रीवास्तव 


   भूलभुलैया 
************


बचपन से अब  तक
कितना कुछ पढा
सुना  ,याद  किया ,

कितनी बातों ने
उलझाया मुझे,

कितने किस्सों ने 
बहलाया मुझे ,

कुछ याद रहा 

कुछ ना चाहते हुए भी 
भूल गई और 

कुछ को भुलाना पड़ा 
खुद को ज़िंदा रखने खातिर 

कि इस भूलभुलैया सी
 जिंदगी में ,

सच में कुछ बातें 
चाहते हुए भी कहाँ 
याद रह पाती हैं और 

कुछ को भूलाने की 
कोशिश करते रह जाते हैं 
 हम ताउम्र पर वो 

विस्मृत कहाँ हो पाती हैं !! 

सीमा श्रीवास्तव 

Sunday, November 9, 2014

              मनहूस बस्ती 
(((((((((((((((((((((((((((((((((((((

तितलियाँ यहाँ उड़ती नहीं 

 बैठी रहती हैं  किसी कोने में दुबककर

मरती नहीं ,पर हो चुकी है रंगहीन । 

फूल यहाँ खिलते हैं पर मुस्कुराते नहीं 

खिलना और मुरझाना एक 

दिनचर्या भर है । 

पंछी भी नहीं करते अपनी 

मनमर्जी यहाँ ,सुबह जागते हैं 

दाने  की खोज में विचर  के 

शाम होते ही 

दबे पाँव घोसले में 

घुस जाते हैं । 

रात को सपनों  में भी 

नहीं करते शोर !

क्योकि इस मनहूस बस्ती को 

प्रकृति के रंग नहीं भाते 

बस मशगूल रहते हैं लोग यहाँ 

इंसानो को मशीन में तब्दील करने को 

हवाओ की भी  किसी को नहीं परवाह 

कि सबने बंद कर रखी हैं 

अपनी खिडकियाँ यहाँ !!

सीमा श्रीवास्तव 






दीदी

       बहनो का सुख 
>>>>>>>>>>>>>>>

कल मैंने एक स्वप्न देखा
मै फिर से हो गयी हूं छोटी
ढेर सारी दीदियों से घिरी इतरा रही हूं

एक ने गोद में मुझे लिटाया है,

दूसरी सहला रही हैं मेरे केश,
तीसरी दी कहानियॉ सुना रही हैं
मीठी मीठी,
तभी अम्मा ने कस के डांटा मुझे,
कहा....
" उठाती रहो मजे दीदियों के
आलसी हो जाओगी"
तब बडी दी ने बीच में ही
बदल डाली बात
कहा....."रहने दो ना छोटी को छोटी"
कहानी आगे बढती रही स्वप्न में ही...
मैने पढने के लिये जाना चाहा बाहर
पिताजी ने साफ इंकार कर दिया
पर मंझली दी ने कैसे भी समझा बूझा लिया
मै बांधने लगी बैग...,दीदियो को
रोकर गले लगाया...
तभी मेरे बेटे ने मुझे नींद से जगाया
ओह! कितना प्यारा था वह स्वप्न
काश ! यह सच हो जाता !!

सच  यही तो होता है बहनो का सुख
नहीं देखा जाता उनसे छोटे का दु:ख
मिलता है सच मे ,जिन्हे बहनों का प्यार
दिल होता है मजबूत और
हिम्मत बढती है यार ...!!
सीमा श्रीवास्तव

Friday, November 7, 2014

ओम

मैंने रचना चाहा 

अपनी नई कलम से 

एक सुन्दर सी रचना 

कलम की देह पर 

चिपके थे पूजा के 

अक्षत ,चन्दन ।

वह लिखती गई  
ओम, ओम, ओम

कि उसकी स्याही में 

बस गए थे ,

भक्ति भाव ,

कलम चलती रही 

और मन में 

जगते रहे

सद्विचार। 

- सीमा श्रीवास्तव 





Sunday, November 2, 2014

परवाह

अंत भला तो सब भला
################# 

जिसने कभी नहीं की 

उसकी परवाह ,

सिर्फ समझा जिसे

 सेविका और उठाता रहा 

उसके प्रेम से परोसे 

भोजन का आनंद 

खुद को लापरवाह रखा 

उसके दुःख ,तकलीफ से ,

उसके अरमानो  से,

उसकी पसंद, नापसंद से 

आज वही कर रहा है 

इंतजार, उसी सेविका के 

अस्पताल से लौट आने का 

खूब पछता रहा है ,

रो रहा है वह 

अंदर ही   अंदर 

बस वो तीन दिन  काफी थे ,

उसे यह मान लेने को 

कि वह स्त्री जिसे वह मात्र 

सेविका समझता रहा 

कितनी कीमती है । 

कितना ऊपर है 

उस स्त्री का अस्तित्व 

उसकी सोच की परिधि से ,

जिसे इन चालीस सालों से वह 

सेता आया है ,अपने दिमाग में !!

तो क्या इसे हम कह सकते हैं
  
कि 
अंत भला तो सब भला !!!


सीमा श्रीवास्तव 

जिंदगी



नहीं मिल रहे हैं शब्द
ना ही दो पल का सुकून
कि टुकड़ों में बंट गयी है जिंदगी

हाँ, अपनी कहॉ रह गयी है जिंदगी

कितने कतरनो को बटोरा मैंने,

कितने पैबंद लगाए हमने,

कितने रंगो से छुपाया सादापन,

फिर भी नही सज रही है जिंदगी

हाँ,  अपनी कहॉ रह गयी है जिंदगी!!

सीमा  श्रीवास्तव